टीम इंडिया ने अनोखे तरीके से की प्रैक्टिस, खिलाड़ी चोटिल तक होने को तैयार! हैरान कर देगा यह ‘गंभीर’ प्लान

दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को 30 रनों से शिकस्त दी. अब भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाना है. इससे पहले टीम इंडिया ने ईडन गार्डन्स में अनोखे तरीके से प्रैक्टिस की. हालांकि, इसमें भारतीय खिलाड़ियों के चोटिल होने का भी खतरा था. दरअसल, पहले टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीकी स्पिनर्स के सामने भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे थे. इसी कारण भारतीय बल्लेबाजों ने अनोखे तरह से प्रैक्टिस की है.
भारतीय बल्लेबाज साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल ने सोमवार को स्पिनरों के सामने एक पैड पहन कर लगभग तीन घंटे तक जमकर अभ्यास किया. यह वैकल्पिक अभ्यास सत्र था, जिसमें बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने अपने दाहिने पांव के पैड को निकाल कर अभ्यास किया. सुदर्शन कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं थे और इसकी भी कोई गारंटी नहीं है कि उन्हें गुवाहाटी में मौका मिलेगा.
बाएं हाथ के स्पिनरों और ऑफ स्पिनरों के सामने अपने अगले पैर में पैड के बिना बल्लेबाजी करने का मतलब था कि उन्हें पिंडली या किसी भी खुले हिस्से पर चोट लगने से बचने के बारे में विशेष रूप से सतर्क रहना पड़ता है. यह बल्लेबाजी अभ्यास की पुरानी पद्धति है, जिसमें कोच इस बात पर जोर देते हैं कि बल्लेबाज गेंद को रोकने के लिए अपने फ्रंट पैड की बजाय अपने बल्ले का अधिक उपयोग करें. इस तरह के अभ्यास के पीछे एक और कारण यह है कि भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाजों में बैकफुट पर जाने की प्रवृत्ति है. इस तरह के अभ्यास से उन्हें स्पिनरों को आगे बढ़कर खेलने में मदद मिलती है.
सुदर्शन की तरह ध्रुव जुरेल ने भी एक पैड निकाल कर अभ्यास किया. वह पहले टेस्ट मैच में विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में खेले थे, लेकिन उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे थे. टीम प्रबंधन उन्हें गुवाहाटी में भी इसी भूमिका में प्लेइंग इलेवन में रख सकता है.
वैकल्पिक सत्र के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सुदर्शन पर कड़ी नजर रखी, जो शुभमन गिल की जगह लेने के दावेदारों में से एक हैं. भारतीय कप्तान को गर्दन में ऐंठन के कारण दूसरे टेस्ट से बाहर बैठना पड़ सकता है. इन दोनों बल्लेबाजों में तेज गेंदबाजों के सामने भी अभ्यास किया, लेकिन वह उनके सामने सहज नजर नहीं आए. आकाशदीप की गेंद कई बार उनके बल्ले का किनारा लेकर गई और यहां तक कि नेट गेंदबाजों ने भी उन्हें मूवमेंट से परेशान किया. गंभीर और बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक ने ब्रेक के दौरान उनसे लंबी बातचीत की.
पहले टेस्ट मैच में हार के बावजूद यह हैरानी भरा था कि वैकल्पिक सत्र के लिए केवल छह खिलाड़ी ही आए, जिनमें सबसे वरिष्ठ सदस्य रवींद्र जडेजा भी शामिल थे, जिन्होंने सबसे लंबे समय तक बल्लेबाजी की. गिल के दूसरे टेस्ट मैच में खेलने की संभावना बेहद कम होने के कारण ऑलराउंडर नितीश रेड्डी को राजकोट में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ चल रही भारत ए सीरीज से बाहर कर दिया गया है. रेड्डी वापस कोलकाता आकर टीम से जुड़ गए हैं, लेकिन उन्होंने वैकल्पिक अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया.



