उत्तर प्रदेशभारत

जॉगर्स पार्क में बनेगा लखनऊ का पहला ग्लो गार्डेन, 10 करोड़ रुपए से संवरेगा पार्क; 5 वॉटर बॉडी में लगाए जाएंगे नए फाउंटेन

जॉगर्स पार्क में बनेगा लखनऊ का पहला ग्लो गार्डेन, 10 करोड़ रुपए से संवरेगा पार्क; 5 वॉटर बॉडी में लगाए जाएंगे नए फाउंटेन

जॉगर्स पार्क में लखनऊ का पहला ग्लो गार्डेन बनेगा.

हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क में लखनऊ का पहला ग्लो गार्डेन बनेगा, जहां एक तरफ गोबो इफेक्ट के माध्यम से तरह-तरह की चमकदार आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी. वहीं दूसरी तरफ पेड़, पक्षी, फूल व जानवरों के मॉडल स्थापित किए जाएंगे, जो कि खास तरह की लाइटों से लैस होंगे. रात के अंधेरे में रंग-बिरंगी रोशनी में नहाए ये मॉडल आकर्षण का केंद्र बनेंगे.

लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बसंत कुंज योजना स्थित जॉगर्स पार्क का निरीक्षण करके वहां ‘ग्लो गार्डेन’ विकसित करने के निर्देश दिए हैं. इसी के साथ पार्क में सिविल, हॉर्टीकल्चर और सौंदर्यीकरण के विभिन्न काम कराए जाएंगे, जिससे यह पार्क नई थीम में उभर कर सामने आएगा.

बसंत कुंज योजना में बना है ये पार्क

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बसंत कुंज योजना स्थित जॉगर्स पार्क लगभग 17.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ है. उक्त पूरे क्षेत्र में यह पार्क काफी लोकप्रिय है और बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने, खेलने और मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं. इसे ध्यान में रखते हुए पार्क को एक खास तरह की थीम पर विकसित करने का निर्णय लिया गया है.

10 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे

इसके अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से पार्क में विकास कार्य कराए जाएंगे. पार्क में ग्लो गार्डेन विकसित किया जाएगा, जो कि शहर में अपनी तरह का पहला गार्डेन होगा. इसमें पशु-पक्षियों, फूल-पौधों आदि के लाइटिंग मॉडल लगाए जाएंगे. इसके अलावा कटआउट पैनल से लाइटिंग के माध्यम से गोबो इफेक्ट वाली आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी. साथ ही आकर्षक डिजाइन वाली बोलार्ड लाइट्स लगाई जाएगी.

5 वॉटर बॉडी में लगेंगे नए फाउंटेन

जॉगर्स पार्क में लोगों की सुविधा के लिए ओपन जिम व योगा हट बनाया जा रहा है, जिसके पास 12 योग मुद्रा वाले स्कल्पचर्स लगाए जाएंगे. वहीं, बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया विकसित किया जाएगा, जिसमें सुंदर डिजाइन के झूले व खेल उपकरण लगाए जाएंगे. उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पार्क में कुल पांच वॉटर बॉडी हैं. इनमें नए फाउंटेन लगवाए जाएंगे, जो कि पार्क की सुंदरता को बढ़ाएंगे.

जॉगिंग ट्रैक को किया जाएगा व्यवस्थित

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जॉगर्स पार्क में लगभग 800 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक बना है. जलभराव के चलते यह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है. अब इस पूरे जॉगिंग ट्रैक की मरम्मत कराकर इसे सुदृ़ढ़ करने का काम किया जा रहा है. इसके अंतर्गत जॉगिंग ट्रैक की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की स्थिति नहीं उत्पन्न होगी. इस क्रम में पार्क के इंट्रेस प्लाजा को भी अपग्रेड किया जाएगा. साथ ही उत्तर दिशा में एक नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button