जल्दी जुआरियों का नाम बता…पुलिसकर्मियों ने किसान की कर दी पिटाई; मौत | UP POLICE Bareilly police personnel beat up farmer; Death-STWR

सांकेतिक फोटो
उत्तर प्रदेश के बरेली में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक किसान की पीट-पीट कर बेरहमी से हत्या कर दी गई. हत्या का आरोप कुछ पुलिसकर्मियों पर लगा है. परिजन ने थाने में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, इस मामले में एएसपी ने सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच बैठा दी है. मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है.
घटना सरदार नगर की है. यहां एक किसान अपने खेत से लौट रहा था, जिस रास्ते से वह आ रहा था, उसी रास्ते पर एक जगह जुआ खेला जा रहा था. इसी बीच, सूचना पर पुलिस वहां पहुंच गई और जुआ खेलने वाले मौके से फरार हो लिए. वहीं लौट रहे किसान की पुलिसकर्मियों ने बुरी तरह पिटाई कर दी, जिसकी बाद में मौत हो गई. जब किसान घर नहीं पहुंचा, तब घरवालों को चिंता सताने लगी. उन्होंने काफी खोजबीन की तो वह एक खेत में जख्मी पड़ा हुआ था. घरवालों ने बताया कि जख्मी हाल में उसने बताया कि पुलिस कर्मियों ने बिना बात पर पिटाई कर दी. मृतक के परजन ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है.
पुलिसकर्मियों पर लगाए आरोप
मृतक के भाई ने बताया कि पुलिसमर्मियों ने खेत से वापस आ रहे मेरे भाई को पकड़ लिया और धमकाने लगे कि जुआ खेलने वाले व्यक्तियों के नाम बताओ. मेरे भाई ने नाम बताने से इन्कार किया तो दरोगा टिंकू कुमार और दूसरे पुलिस कर्मियों ने गंदी-गंदी गालियां दी और जमकर पिटाई कर दी.
सात पुलिसकर्मी निलंबित
मृतक के भाई कृष्ण कुमार शर्मा के मुताबिक,दरोगा टिंकू कुमार सिपाही दीपक, पुष्पेन्द्र राणा, मनोज, अंकित कुमार, सत्यजीत , मोहित सहित एम्बुलेंस का ड्राइवर विजय ने मेरे भाई को बुरी तरह पीटा. मेरे भाई को लात-घूसों व राइफल की बट से पीटा. इससे संतोष के सिर,सीने औऱ पीठ में गंभीर चोटें आईं. भाई को गंभीर हालत में बरेली के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई.
वहीं आरोपी पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और उन लोगों ने पैसा देने की भी बात कही और मामला रफा दफा करने के प्रयास में जुटे रहे. मृतक के भाई ने सभी पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज करने की तहरीर दी है. एसएसपी बरेली ने भमोरा चौकी इंचार्ज सरदारनगर टिंकू कुमार टिंकू कुमार, सिपाही दीपक, पुष्पेन्द्र राणा, मनोज, अंकित, पुष्पेन्द्र राणा, दीपक कुमार, सत्यजीत सिंह और मोहित कुमार को निलबिंत कर दिया है. इस मामले की जांच एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा करेंगे. एसएसपी ने प्रथम दृष्टिया दोषी पाया है.

