जंग के बीच ईरान से भारत को बड़ी राहत, होमुर्ज स्ट्रेट से 2 LPG टैंकर निकालने की दी इजाजत

एलपीजी गैस की किल्लत को लेकर भारत के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है. सूत्रों के मुताबिक ईरान ने भारत को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर दो एलपीजी टैंकर ले जाने की इजाजत दे दी है. यह ऐसे समय में हुआ है जब शुक्रवार (13 मार्च 2026) को ही ईरानी राजदूत मोहम्मद फतहाली ने संकेत दिया कि भारत को इस समय दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल की आवाजाही के लिए सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा.
भारत में ईरान के राजूदत मोहम्मद फतहाली से जब पूछ गया कि क्या ईरान नई दिल्ली को सुरक्षित रास्ता देगा. इस पर उन्होंने कहा, ‘हां भारत हमारा मित्र देश है. हम इस समस्या को हल करने की कोशिश कर रहे हैं. आप इसे दो-तीन घंटे में देख लेंगे. हमारा मानना है कि ईरान और भारत इस क्षेत्र में साझा हित रखते हैं.’
भारत सरकार के शिपिंग मंत्रालय के राजेश कुमार सिन्हा ने कहा, ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम तरफ जो फारस की खाड़ी है उसमें भारतीय ध्वज वाले 24 जहाज हैं, जिन पर कुल 677 भारतीय नाविक सवार हैं. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्व में ओमान की खाड़ी में पहले चार जहाज थे, कल उनमें से एक मूव किया है. अब वहां पर 3 भारतीय ध्वज वाले जहाज रह गए, जिन पर 76 भारतीय नाविक सवार हैं. इसके अलावा पूरे खाड़ी क्षेत्र में लगभग 23,000 भारतीय नाविक अलग-अलग जहाजों पर काम कर रहे हैं, जिनमें मर्चेंट शिप और ऑफशोर शिप शामिल हैं.’
भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा, ‘ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद नहीं किया है. यह खुला हुआ है. हालांकि, मौजूदा हालात और परिस्थितियों के कारण जहाज होर्मुज से गुजरने में असमर्थ हैं. ईरान कभी नहीं चाहता था कि होर्मुज बंद हो या इसमें रुकावट हो. कुछ जहाज अभी भी वहां से गुजर रहे हैं.’
भारत के कई राज्यों में शुक्रवार को भी LPG सिलेंडर के लिए लोग कतारों में खड़े देखे गए. केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि बिना किसी रुकावट के घर तक LPG की सप्लाई सुनिश्चित कर दी गई है और कहा गया कि पैनिक होकर सिलेंडर की बुकिंग न करें. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 5 मार्च से अब तक LPG का घरेलू उत्पादन 30 फीसदी तक बढ़ चुका है.
एलपीजी को लेकर उन्होंने कहा, ‘25,000 वितरकों में से किसी के भी यहां स्टॉक खत्म होने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है. मैं सभी नागरिकों से अपील करना चाहूंगी कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर खरीदारी करने से बचें.’



