उत्तर प्रदेशभारत

गुलाम या सचिन की संतान… सीमा हैदर के होने वाले बच्चे को लेकर क्या कहता है भारतीय कानून? | Noida what does Indian law say about pakistani Seema Haider and sachin meena child exclusive interview

गुलाम या सचिन की संतान... सीमा हैदर के होने वाले बच्चे को लेकर क्या कहता है भारतीय कानून?

गुलाम हैदर, सीमा हैदर और सचिन मीणा.

पाकिस्तानी सीमा हैदर और हिंदुस्तानी सचिन मीणा की लव स्टोरी, जिससे आज की तारीख में लगभग हर कोई वाकिफ है. एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जानकारी सामने आई है कि सीमा अब प्रेग्नेंट हैं और वो जल्द ही एक बच्चे को जन्म देंगी. लेकिन इस बच्चे के बर्थ सर्टिफिकेट पर पिता की जगह सचिन या सीमा के पहले पति गुलाम हैदर, किसका नाम होगा? क्या इस बच्चे को भारत की नागरिकता मिलेगी? ये ऐसे सवाल हैं जिसे हर कोई जानना चाह रहा है. चलिए जानते हैं भारत का कानून इस पर क्या कहता है…

एडवोकेट अद्वितीय सिंह संबयाल से TV9 भारतवर्ष ने बातचीत की और इस बारे में जाना. एडवोकेट संबयाल ने बताया कि सीमा हैदर एक पाकिस्तानी नागरिक हैं. वो अवैध तरीके से नेपाल के बॉर्डर से होते हुए भारत आई हैं. विदेशी अधिनियम के अनुसार सीमा एक अवैध प्रवासी हैं. वह पहले से शादीशुदा भी हैं. सीमा का कहना है कि गुलाम ने उन्हें और उनके चारों बच्चों को 2019 में ही छोड़ दिया था. इसके बाद सीमा ने सचिन के साथ नेपाल के मंदिर में शादी कर ली. लेकिन, वहीं गुलाम का कहना है कि सीमा से उनका कोई तलाक नहीं हुआ है. इसके लिए गुलाम ने सीमा के खिलाफ पाकिस्तान में धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज करवाया है.

एक पाकिस्तानी यूट्यूब को दिए इंटरव्यू में गुलाम ने कहा था कि वो सीमा और सचिन के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे. साथ ही अपने चार बच्चों को भी भारत से वापस ले जाएंगे. सीमा भी तलाक का कोई सबूत पेश नहीं कर पाई हैं. वकील संबयाल ने कहा कि ऐसे केस में अगर वो बिना तलाक लिए सचिन के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही हैं और इस दौरान उन्हें कोई बच्चा पैदा होता भी है तो उसे नाजायज नहीं माना जाएगा. बच्चे को उसके असल पिता का ही नाम मिलेगा. यानि सचिन और सीमा के केस में बच्चे बर्थ सर्टिफिकेट पर पिता की जगह सचिन का ही नाम लिखा जाएगा. सचिन को ही बच्चे का पिता माना जाएगा. लेकिन सीमा खुद अवैध प्रवासी हैं और सचिन भारत का नागरिक, इस केस में दोनों के बच्चे को भी अवैध प्रवासी ही माना जाएगा.

ये भी पढ़ें

गुलाम हैदर ने हायर किया भारतीय वकील

बता दें, सीमा केस में गुलाम हैदर ने अपने बच्चों को वापस साथ ले जाने के लिए एक भारतीय वकील को हायर किया है. एक न्यूज एजेंसी के मुताबिक, वकील अली मोमिन अब गुलाम हैदर का केस लड़ेंगे. भारतीय अदालतों में कानूनी कार्यवाही शुरू करने के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी भेज दी है. इस मामले में सीमा-सचिन के वकील एपी सिंह ने कहा कि हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. जब हमें आधिकारिक तौर पर इसके बारे में पता चलेगा, तो हम जवाब देंगे.

वहीं, पाकिस्तान के चोटी के वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता अंसार बर्नी ने कहा कि गुलाम हैदर ने अपने चार बच्चों का संरक्षण पाने में मदद के लिए उनसे भी संपर्क किया है. बर्नी ने कहा कि गुलाम हैदर का मामला मजबूत है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के अनुसार, कम उम्र के बच्चों का धर्म परिवर्तन निषिद्ध है. उन्होंने कहा, ‘यह मामला बिल्कुल स्पष्ट है क्योंकि भले ही सीमा अब वहां बस गई हों लेकिन उनके बच्चे पाकिस्तानी नागरिक हैं और कम उम्र के हैं. पिता को उन पर पूरा अधिकार है.’ बर्नी ने कहा कि गुलाम हैदर अपनी पत्नी से और कुछ नहीं चाहते, केवल अपने बच्चों को पाकिस्तान वापस लाना चाहते हैं.

जमानत पर रिहा हैं सचिन-सीमा, चल रही जांच

उल्लेखनीय है कि सीमा और सचिन मीणा के मामले की जांच वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद-रोधी दस्ते द्वारा की जा रही है. दोनों को जुलाई 2023 में गिरफ्तार किया गया था. फिलहाल सीमा-सचिन जमानत पर रिहा हैं. इस समय वह अपने चारों बच्चों के साथ सचिन के नोएडा स्थित रबूपुरा में रह रही हैं. मामले में आगामी कार्रवाई जारी है. सीमा का कहना है कि वो वापस पाकिस्तान नहीं जाना चाहतीं. अगर वो पाकिस्तान गईं तो वहां उन्हें मार डाला जाएगा. सीमा ने इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से भी गुहार लगाई है. सीमा का कहना है कि उनके बच्चे भी गुलाम को अपना पिता नहीं मानते. सचिन को ही अपना पिता मानते हैं. सचिन भी उन्हें बहुत प्यार करता है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button