उत्तर प्रदेशभारत

गाजीपुर में दर्द से चिल्लाती रही महिला, मेडिकल स्टाफ देखता रहा रील… मरीज की मौत के बाद हंगामा

गाजीपुर में दर्द से चिल्लाती रही महिला, मेडिकल स्टाफ देखता रहा रील… मरीज की मौत के बाद हंगामा

गाजीपुर के मेडिकल कॉलेज में मेडिकल स्टाफ की लापरवाही ने एक महिला की जान ले ली. मरीज दर्द से कराह रही थी और परिजन मेडिकल स्टाफ से बार-बार देखने की गुहार लगा रहे थे, लेकिन मेडिकल स्टाफ रील देखने में व्यस्त रहा. दो से तीन घंटे बीत जाने के बाद मरीज की मौत हो गई. इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया. उन्होंने लापरवाही की बात बताई. इस पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मेडिकल स्टाफ की लापरवाही मानते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया है और कार्रवाई का आदेश दिया है.

मनिहारी ब्लॉक के खंडवाड़ीह गांव की रहने वाली उषा देवी को गुरुवार की सुबह अचानक से सीने में दर्द हुआ. दर्द उठने पर परिवार के लोग उन्हें मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल के इमरजेंसी में डॉक्टर ने उनका इलाज करने के बाद उन्हें महिला वार्ड में शिफ्ट किया.

वार्ड में शिफ्ट होने के कुछ देर बाद उषा देवी को यूरिन सहित कई तरह की समस्या शुरू हो गई. जिसको लेकर परिजन वार्ड में मौजूद कर्मचारियों से अपनी मां को देखने की बात करते रहे, लेकिन कोई भी कर्मचारी सुनने को तैयार नहीं हुआ. इस दौरान दो से तीन कर्मचारी मोबाइल पर रील देखने में व्यस्त रहे.

जब परिजनों ने उषा देवी के यूरिन पास नहीं होने और पेट फूलने की शिकायत की, तब कर्मचारियों ने एक महिला सफाईकर्मी से किसी तरह कैथेटर लगाकर महिला का यूरिन पास कराने का निर्देश दिया. इसके बाद महिला सफाईकर्मी अपना कार्य कर ही रही थी कि इसी दौरान उषा देवी की मौत हो गई.

इसके बाद परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में हंगामा करना शुरू कर दिया. परिजनों का आरोप था कि मेडिकल कर्मचारियों की लापरवाही से उनकी मां की मौत हुई है. इसको लेकर उन्होंने प्रिंसिपल, मेडिकल कॉलेज के नाम लिखित शिकायत दी है.

वहीं इस मामले में जिला अस्पताल के इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर कृष्ण मोहन ने बताया कि महिला का प्रॉपर इलाज करने के बाद उन्हें वार्ड में शिफ्ट किया गया था. हालांकि वार्ड में शिफ्ट होने के दौरान कुछ कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है, जिनके खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रिंसिपल से शिकायत की जाएगी.

मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर आनंद मिश्रा ने परिजनों की लिखित शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दो स्टाफ नर्स और एक वार्ड बॉय को निलंबित कर पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button