उत्तर प्रदेशभारत

गाजियाबाद में लिच्छवी एक्सप्रेस के पहिये में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

गाजियाबाद में लिच्छवी एक्सप्रेस के पहिये में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक बड़ा ट्रेन हादसा होने से बच गया. साहिबाबाद से गाजियाबाद की तरफ आ रही लिच्छवी एक्सप्रेस के पहिये में ब्रेक शू चिपकने के कारण आग लग गई. ट्रेन में आग देखते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. यात्री दूसरे कोच में जाने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान किसी यात्री ने आग लगने की सूचना RPF को दी. सूचना मिलते ही ट्रेन को रोक दिया दिया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. गनीमत रही कि आग पर जल्द काबू कर लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई. आग बुझाने के बाद ट्रेन को अगले गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया.

बता दें कि लिच्छवी एक्सप्रेस (14006) नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से छूटने के बाद गाजियाबाद की ओर आ रही थी. इसी दौरान अचानक से थर्ड AC कोच के पहिये से आग निकलने लगी. RPF कांस्टेबल राजवीर और कमल हरनंदी पुल के पास गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने पहिये में आग लगी देखी. उन्होंने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी. इसी बीच कुछ यात्रियों ने भी आग की लपटों को देख लिया तो वह सहम गए. यात्री अपने कोच से निकलकर दूसरे कोच में जाने लगे.

RPF की टीम ने बुझाई आग

ट्रेन को आनन-फानन में आउटर ट्रैक पर रोक दिया गया. RPF इंस्पेक्टर चेतन स्वरूप शर्मा और अपने दूसरे सहकर्मी के साथ आग बुझाने के उपकरण लेकर मौके पर पहुंचे. जिस कोच के पहिये में आग लगी थी, उससे यात्रियों को बाहर निकाला गया. इसके साथ ही आग बुझाने का काम शुरू हुआ. जब आग पूरी तरह बुझ गई तो ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर लाया गया.

ब्रेक शू फंसने से लगी थी आग

वहीं जांच के बाद पता चला कि आग कोच की बाइंडिंग टूटने और ब्रेक शू के फंसने से लगी थी. टेक्निकल टीम ने फंसे हुए ब्रेक शू को ठीक किया. रेलवे अधिकारियों के आइसोलेशन सर्टिफिकेट जारी करने के बाद शाम 7:07 बजे ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया. रेलवे अधिकारियों का दावा है कि हादसे के दौरान कोई दूसरी ट्रेन प्रभावित नहीं हुई. साथ ही कोई जनहानी भी नहीं हुई.

RPF इंस्पेक्टर ने दी जानकारी

हादसे पर जानकारी देते हुए RPF इंस्पेक्टर चेतन स्वरूप शर्मा ने बताया कि जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में आग को बुझाया गया. आग बुझाने के बाद ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर-2 पर लगाया. यहां ट्रेन करीब 15 मिनट तक खड़ी रही. इस बीच कोच की भली-भांति जांच करवाई गई. जांच हो जाने के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button