उत्तर प्रदेशभारत

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में फहराया उत्तर प्रदेश का सबसे ऊंचा झंडा, तिरंगे को ऊपर तक पहुंचाने में लगे 6 मिनट… कितनी है ऊंचाई?

आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी में फहराया उत्तर प्रदेश का सबसे ऊंचा झंडा, तिरंगे को ऊपर तक पहुंचाने में लगे 6 मिनट... कितनी है ऊंचाई?

रामपुर जौहर यूनिवर्सिटी में 220 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी में देशभक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल देखने को मिला. संस्थान में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस अत्यंत धूमधाम और गरिमा के साथ मनाया गया. इस ऐतिहासिक मौके पर यूनिवर्सिटी परिसर में स्थापित उत्तर प्रदेश के सबसे ऊंचे 220 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज को फहराकर तिरंगे को सलामी दी गई.

समारोह के मुख्य अतिथि एवं यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने रिमोट बटन दबाकर मोटर प्रणाली से संचालित इस विशालकाय राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया. विशालकाय ध्वजदंड पर 220 फीट की ऊंचाई तक तिरंगे को पूरी शान के साथ पहुंचने में लगभग 6 मिनट का समय लगा.

ध्वजारोहण के तुरंत बाद मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने एक सुर में राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी. इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर राष्ट्रभक्ति का उत्साह और गर्व साफ झलक रहा था. समारोह में यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक, प्रशासनिक कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वाइस चांसलर प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने इस ऐतिहासिक ध्वजदंड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस 220 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना वर्ष 2016 में यूनिवर्सिटी के संस्थापक एवं चांसलर मोहम्मद आजम खान द्वारा की गई थी.

प्रोफेसर जहीरुद्दीन ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि 220 फीट की ऊंचाई वाला यह राष्ट्रीय ध्वज संपूर्ण उत्तर प्रदेश में सबसे ऊंचा तिरंगा है, जो रामपुर ही नहीं बल्कि पूरे राज्य के लिए एक गौरव का प्रतीक है. यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इस अवसर पर युवाओं से देश की अखंडता, संप्रभुता और उन्नति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देने का आह्वान किया.

गुलज़ार रहमान

गुलज़ार रहमान

मेरा नाम गुलजार रहमान है और मैं पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. न्यूज रिपोर्टर के रूप में रामपुर जिले के स्थानीय मुद्दों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाता हूं. ​मेरा मुख्य उद्देश्य निष्पक्ष खबरों के माध्यम से समाज की नि:स्वार्थ सेवा करना और जनता की आवाज बनना है.

Read More

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button