किसानों का ऐलान, आज खोल देंगे भंगेल एलिवेटेड रोड! ढाई महीने से बनकर है तैयार… लोग काट रहे 12KM का चक्कर

भंगेल एलिवेटेड रोड खोलने का ऐलान
उत्तर प्रदेश के नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड करीब ढाई महीने पहले बनकर बनकर तैयार हो गई थी, लेकिन अभी तक इस रोड का शुभारंभ नहीं किया गया है. इस रोड के खुल जाने से लोगों के लिए दादरी-सूरजपुर-छलेरा यानी डीएससी रोड पर नोएडा से ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर आना-जाना आसान हो जाएगा. लोगों को भंगेल एलिवेटेड रोड न खुलने की वजह से 10 से 12 किलोमीटर का एक्स्ट्रा चक्कर काटना पड़ रहा है.
अब भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने सोमवार को आगाहपुर गांव में एक बैठक की. इस दौरान उन्होंने ऐलान किया कि वह मंगलवार को इस रोड को खोल देंगे. हालांकि, नोएडा प्राधिकरण की ओर इस हफ्ते एलिवेटेड रोड को खोलने की संभावना है, क्योंकि इसी हफ्ते मुख्यमंत्री के नोएडा आने की संभावना है. इससे पहले नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों की ओर से 10 दिन पहले भी इसके शुभारंभ का दावा किया गया था.
12-13 नवंबर को खोलने का किया था दावा
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों की ओर से कहा गया था 12 या 13 नवंबर को मुख्यमंत्री लखनऊ से ही बटन दबाकर इसका शुभारंभ कर सकते हैं, लेकिन 18 नवंबर तक भी एलिवेटेड रोड को नहीं खोला गया. अब भी अधिकारियों का यही कहना है कि मुख्यमंत्री का समय जैसे ही मिल जाएगा. इसको शुरू करा दिया जाएगा. भंगेल एलिवेटेड रोड नहीं खोले जाने से लोगों को काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है.
आगाहपुर से फेज 2 के NSEZ के पास बना
ये एलिवेटेड रोड सेक्टर 41 के आगाहपुर से फेज 2 के NSEZ के पास बना है, लेकिन नाले पर पुलिया की चौड़ाई कम है. ऐसे में जाम लग सकता है. इसलिए नोएडा अथॉरिटी ने फैसला लिया है कि फेज-टू की ओर से एलिवेटेड रोड पर चढ़ते-उतरते समय पुलिया चौड़ी की जाएगी. इसके साथ ही लोगों का ये भी कहना है कि भंगेल एलिवेटेड रोड को बनाने में भी देरी हुई थी.
साल 2020 में शुरू हुआ था निर्माण कार्य
एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य जून 2020 में शुरू हुआ था और योजना के मुताबिक इसे दिसंबर 2022 तक पूरा हो जाना चाहिए था. इसका काम सेतु निगम को सौंपा गया था. स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले ही निर्माण में देरी हुई और अब, जब तीन साल की देरी से ही सही, लेकिन रोड पूरी तरह से बनकर तैयार हो गई है तो इसे शुरू करने में भी देरी की जा रही है. प्राधिकरण की इस सुस्ती की वजह से लाखों लोगों को रोजाना दिक्कत हो रही है.
BKU ने दी रोड खोलने की चेतावनी
इसको लेकर BKU लोकशक्ति ने एक हफ्ते पहले ही विरोध प्रदर्शन भी किया था. उस समय संगठन ने नोएडा प्राधिकरण को चेतावनी दी थी कि अगर 17 नवंबर तक एलिवेटेड रोड खोला गया तो 18 नवंबर, मंगलवार को वो खुद इसे जनता के लिए खोल देंगे. इसी सिलसिले में सोमवार को आगाहपुर गांव में BKU की मीटिंग हुई. BKU के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कहा कि आम जनता के साथ मिलकर मंगलवार को इस रोड को खोल दिया जाएगा. अब हम बिना वजह लोगों को और परेशानी नहीं झेलने देंगे.

