उत्तर प्रदेशभारत

‘कट्टे का जुगाड़ कर दो, ब्राह्मण को जेल भेजना है, थाने में बैठाया हूं…’ अमेठी में दरोगा का वीडियो वायरल, सपा ने लगाए गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश के अमेठी में एक दरोगा का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है. यह ऑडियो दरोगा और उनके एक मुखबिर से बातचीत का है. इसमें दरोगा मुखबिर से एक कट्टा लाने को कह रहे हैं. बता रहे हैं कि थाने में एक ब्राह्मण को बैठा रखा है और इसे जेल भेजना है. वायरल ऑडियो को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार को घेरने की कोशिश की है. आरोप लगाया कि इस सरकार में जाति देखकर लोगों को शिकार बनाया जा रहाऑडियो अमेठी के मुसाफिरखाना थाने का है.

इस थाने में तैनात दरोगा हेम नारायण सिंह अपने किसी मुखबिर हिमांशु से फोन पर बात कर रहे हैं. वह कह रहे हैं कि कहीं से एक कट्टा ले आओ, जो भी पैसा लगेगा, मिल जाएगा. इसी के साथ दरोगा हेम नारायण सिंह कहते हैं कि थाने में एक ब्राह्मण को बैठा रखा है और इसे जेल भेजना है. उनकी इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जिले के एडिशनल एसपी शैलेंद्र सिंह ने मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

सपा ने सरकार को घेरा

उधर, इसी ऑडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश शासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमले तेज कर दिए हैं. समाजवादी पार्टी ने कहा कि यह ऑडियो नहीं, बल्कि इस सरकार का चरित्र है. यूपी में दलितों, मुस्लिमों व पिछड़ों के साथ ही ब्राह्मणों को भी चुन चुन कर निशाना बनाया जा रहा है. पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पूछा है कि ‘कोई और सबूत चाहिए क्या यूपी में व्याप्त एक जाति विशेष के जातिवाद, आतंकवाद, उग्रवाद, गुंडाराज और सत्ता संरक्षित भ्रष्टाचार के बारे में’.

क्या है ऑडियो में?

अमेठी में वॉयरल ऑडियो में दो लोगों की आवाजें आ रही हैं. एक आवाज दरोगा हेम नारायण सिंह का बताया जा रहा है. वहीं दूसरी आवाज मुखबिर हिमांशु की है. इस ऑडियो में दारोगा हिमांशु को कह रहे हैं कि दो घंटे के अंदर एक 315 बोर तमंचे की व्यवस्था करो. वह कह रहे हैं कि यही तमंचा दिखाकर एक ब्राह्मण को जेल भेजना है. उसे थाने में बैठा रखा है. फिर दरोगा कहते हैं कि जो भी पैसा लगेगा देंगे, लेकिन इसे जेल भेजना है. TV9 भारतवर्ष इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता, लेकिन इस ऑडियो की चर्चा खूब होने की वजह से खबर प्रकाशित करना जरूरी है.



Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button