उत्तर प्रदेशभारत

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, तीन की मौत, 20 घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी बस, तीन की मौत, 20 घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसा

उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां दिल्ली से बिहार जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. ये घटना बिल्हौर के अरौल थाना क्षेत्र में घटी.

सभी घायलों में से एक दर्जन से ज्यादा लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. सभी गंभीर घायलों को तत्काल एंबुलेंस से कानपुर के लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. बाकी घायलों का मौके पर और नजदीकी अस्पतालों में इलाज किया गया. हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) श्री दिनेश त्रिपाठी खुद अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली.

बस डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई

डीसीपी ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों को सभी घायलों के त्वरित और समुचित इलाज के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए. इसके साथ ही हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश भी दिए गए हैं. हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक तड़के सुबह करीब 4 बजे बस में क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे और ड्राइवर बस तेज रफ्तार से चला रहा था, जिस वजह से बैलेंस बिगड़ गया और बस डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई.

दिल्ली से बिहार जा रही थी बस

घटना में बस का ऊपरी डेक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई यात्री उसमें फंस गए थे. राहगीरों और एक्सप्रेसवे के टोल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस के साथ एंबुलेंस को सूचित किया. पुलिस के अनुसार बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और ज्यादातर यात्री उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग जिलों के बताए जा रहे हैं. मृतकों की शिनाख्त अभी चल रही है. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं. एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए यातायात पुलिस ने चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने और रात के समय सावधानी बरतने की अपील की है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button