शाहरुख खान ने किया फिल्म फेस्टिवल का ऐलान, दिखेगा रोमांस, ड्रामा और एसआरके का जादू

जब से शाहरुख खान ने फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा है, तब से वो अपने चार्म और प्यार से लोगों के दिलों पर राज कर रहे हैं. एक दशक से भी ज़्यादा समय से उन्होंने आइकॉनिक फिल्में और यादगार किरदार दिए हैं और आज भी वो बॉलीवुड के बादशाह बने हुए हैं. उनकी शानदार जर्नी और कामयाबी का जश्न मनाते हुए किंग खान ने एक बड़ा एलान किया है. 31 अक्टूबर से शुरू होगा शाहरुख खान फिल्म फेस्टिवल,जहां होगा जश्न प्यार, रोमांस, ड्रामा और खुद SRK के नाम का.
शाहरुख खान ने ऐलान किया फिल्म फेस्टिवल
शाहरुख खान ने अपने सोशल मीडिया पर अपनी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के साथ मिलकर शाहरुख खान फिल्म फेस्टिवल का ऐलान किया. उन्होंने लिखा है– मेरी कुछ पुरानी फिल्में दोबारा थिएटर में आ रही हैं. उनमें जो शख्स है वो ज्यादा बदला नहीं है, बस बाल थोड़े बदल गए हैं… और दिल से थोड़ा ज़्यादा हैंडसम हो गया है. शाहरुख खान फिल्म फेस्टिवल शुरू हो रहा है 31 अक्टूबर से! भारत के चुनिंदा थिएटर्स में PVR INOX के साथ, और इंटरनेशनल रिलीज YRF इंटरनेशनल के जरिए मिडल ईस्ट, नॉर्थ अमेरिका, यूके, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में होगी।
शाहरुख खान फिल्म फेस्टिवल वाकई एक सुनहरा मौका है जब हम SRK की आइकॉनिक फिल्मों को दोबारा बड़े पर्दे पर देख सकेंगे. कभी हां कभी ना से लेकर जवान तक, यह एक यादों भरी यात्रा होगी. जिसे हमने बतौर दर्शक उनके साथ जिया है.
जीता नेशनल अवॉर्ड
शाहरुख खान ने अपने करियर में कई अवॉर्ड जीते हैं मगर उन्होंने अभी तक नेशनल अवॉर्ड नहीं जीता था. अब उनका ये सपना भी पूरा हो गया है. शाहरुख को जवान के लिए बेस्ट एक्टर नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया है. वर्कफ्रंट की बात करें तो वो जल्द ही किंग फिल्म में नजर आने वाले हैं. किंग में शाहरुख के साथ सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे.



