उत्तर प्रदेशभारत

राहुल गांधी दिल्ली से फतेहपुर के लिए रवाना, हरिओम वाल्मिकी के परिजनों से करेंगे मुलाकात

राहुल गांधी दिल्ली से फतेहपुर के लिए रवाना, हरिओम वाल्मिकी के परिजनों से करेंगे मुलाकात

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (पीटीआई)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात करने वाले हैं. वह आज सुबह ही दिल्ली से फतेहपुर के लिए रवाना हो गए. इस महीने की शुरुआत में हरिओम की रायबरेली जिले में कथित तौर पर चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस यात्रा को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल हरिओम के घर जाकर शोक संवेदना प्रकट करेंगे.

बताया जा रहा है कि राहुल गांधी परिजनों के साथ आधा घंटा मुलाकात करेंगे. उनकी यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं.

CM योगी 11 को कर चुके हैं मुलाकात

यात्रा को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, राहुल गांधी फतेहपुर आ रहे हैं और हरिओम के घर जाकर उनके परिजनों के साथ शोक संवेदना प्रकट करेंगे. कांग्रेस पार्टी पूरे परिवार के साथ खड़ी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए राय ने कहा कि यह घटना 2 तारीख की है, जबकि सीएम योगी 11 अक्टूबर को उनके परिजनों से मिले. वह भी उन्हें बुलवाकर मिले.

इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी इस हत्याकांड पर संज्ञान लिया और 11 अक्टूबर को लखनऊ में वाल्मीकि की पत्नी संगीता वाल्मीकि और परिवार के दूसरे सदस्यों से मुलाकात की. सीएम योगी ने पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, मुख्यमंत्री आवासीय योजना के तहत घर और अन्य कल्याण कार्यक्रमों का लाभ दिलाने का ऐलान भी किया.

राहुल गांधी फतेहपुर से जाएंगे असम

रायबरेली के सांसद राहुल गांधी वाल्मीकि के परिवार से मिलने के लिए फतेहपुर जिले का संक्षिप्त दौरा कर रहे हैं. कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी शुक्रवार की सुबह दिल्ली से 8 बजे एक विशेष विमान से कानपुर जाएंगे. इसके बाद वह सड़क से होते हुए फतेहपुर जाएंगे. वह 9.15 से 9.45 बजे तक पीड़ित के परिवार से मिलेंगे. यहां से वह फिर कानपुर लौटेंगे औरअसम के लिए रवाना हो जाएंगे.

असम दौरे के दौरान में राहुल गांधी दिवंगत गायक जुबिन गर्ग के परिजनों से मिलेंगे. जुबिन गर्ग की हाल ही में सिंगापुर में एक कार्यक्रम के दौरान मौत हो गई थी.

क्या है घटना, अब तक क्या हुआ

फतेहपुर के रहने वाले हरिओम वाल्मीकि को 2 अक्टूबर की रात पड़ोसी जिले रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र के जमुनापुर गांव के पास चोर समझकर पीट-पीटकर मार डाला गया था. इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा भड़क गया. कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने बीजेपी सरकार पर दलितों की सुरक्षा करने और भीड़ की हिंसा को रोकने में नाकाम रहने के आरोप लगाए.

इस घटना के बाद, पुलिस ने केस दर्ज किया और अब तक 14 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. गिरफ्तार होने वाले आरोपियों में मुख्य आरोपी भी शामिल है. मुख्य आरोपी को 10 अक्टूबर को एक एनकाउंटर के बाद पकड़ा लिया गया था. लापरवाही को लेकर 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button