‘मैं राज करने आई हूं’, आयशा खान ने ‘धुरंधर’ के ‘शरारत’ सॉन्ग की सक्सेस पर लिखा इमोशनल नोट

आदित्य धर निर्देशित ‘धुरंधर’ को बॉक्स ऑफिस पर मिली जबरदस्त सफलता के बाद से फिल्म से जुड़े सभी कलाकार खुशी के मारे सातवें आसमान पर हैं. वहीं इस फिल्म का ‘शरारत’ सॉन्ग भी खूब पॉपुलर हुआ है. आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा पर फिल्माए गए इस गाने ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए यूट्यूब पर 100 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर लिया है. 4 जनवरी, रविवार को इस उपलब्धि का जश्न मनाते हुए, आयशा खान ने एक वीडियो शेयर किया साथ ही इमोशनल कैप्शन भी लिखा.
‘शरारत’ की सक्सेस पर इमोशनल हुईं आयशा खान
थिएटर में ‘शरारत’ गाने को देखते हुए अपना एक वीडियो आयशा खान ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. इसके साथ ही उ लिखा, “100 मिलियन व्यूज़!!! दर्शकों से खचाखच भरे थिएटर में खुद को बड़े पर्दे पर देखना वाकई एक शानदार एक्सपीरियंस था. शरारत के लिए मुझे जो प्यार मिला है, वह बहुत ज्यादा खुश करने वाला है. मुझे शरारत देने के लिए कास्टिंग छाबड़ा का बहुत-बहुत थैंक्यू!! लोगों की ज़िंदगी बदलते रहिए!! आप भगवान के भेजे हुए हैं! और मुझ पर भरोसा करने के लिए आदित्य धर का भी थैंक्यू!! आप वाकई विजनरी मैन हैं.”
‘मैं राज करने आई हूं’
आयशा खान ने अपने नोट में आगे लिखा, “मैं अपने दर्शकों से वादा करती हूं कि मैं राज करने आई हूं, और मुझे कोई नहीं रोक सकता. यह घमंड से नहीं, बल्कि उन चीजों में की गई मेरी कड़ी मेहनत से ज़ाहिर होता है जिनसे मुझे प्यार है. मुझे अपने काम और सर्वशक्तिमान पर इतना भरोसा है कि मुझे पता है कि एक दिन मुझे वो सब कुछ मिलेगा जिसके लिए मैंने प्रार्थना की है.खुशकिस्मत हूं कि मेरे पास ऐसा परिवार है जो हर हाल में मेरा साथ देता है! मेरी रीढ़ की हड्डी। मेरी ताकत. सर्वेश शशि को हर सुख-दुख में साथ देने के लिए स्पेशल थैंक्यू, शाहबाज खान आपका शुक्रिया. आपके बिना मैं कुछ भी नहीं हूं,शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता कि आप मेरे लिए क्या मायने रखते हैं.
उम्मीद है 2026 हमारी लाइफ में कई अच्छी चीजें और कई सबक लेकर आएगा. क्योंकि आयशा खान बिना थोड़े से ड्रामे के क्या है? “
‘शरारत’ गाने के बारे में
बता दें कि फिल्म में एक लैविश वेडिंग फंक्शन में ‘शरारत’ गाने की कहानी बुनियाद बदलती है, जहां आयशा और क्रिस्टल कराची में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल सेलिब्रेशन में डांसर की भूमिका निभाती हैं. इस गाने का म्यूजिक शशवत सचदेव ने तैयार किया है, इसे मधुबंती बागची और जैस्मीन सैंडलस ने गाया है और विजय गांगुली ने कोरियोग्राफ किया है.
‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘धुरंधर’ को सिनेमाघरों में तांडव करते हुए एक महीने से ज्यादा हो गया है लेकिन ये फिल्म अब भी बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार कलेक्शन कर रही है. बता दें कि सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 31वें दिन यानी 5वें संडे को 12.75 करोड़ का कलेक्शन किया है.इसी के साथ इस फिल्म की 31 दिनों की कुल कमाई अब 772.25 करोड़ रुपये हो गई है.



