उत्तर प्रदेशभारत

बरेली में हिंदू संगठनों का हंगामा, लड़की को लेकर भागा जिम ट्रेनर शोएब; इलाके में फैला तनाव

बरेली में हिंदू संगठनों का हंगामा, लड़की को लेकर भागा जिम ट्रेनर शोएब; इलाके में फैला तनाव

हिंदू सगंठन के लोगों ने जमकर काटा हंगामा.

बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय तनाव फैल गया, जब यह खबर फैली कि एक हिंदू युवती को मुस्लिम युवक शोएब लेकर भाग गया है. जानकारी मिलते ही युवती के परिजन और हिंदू संगठन के लोग बड़ी संख्या में मिनी बाईपास पर इकट्ठा हो गए. देखते-देखते भीड़ ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. भास्कर हॉस्पिटल के सामने मिनी बाईपास पर करीब एक घंटे तक अफरातफरी बनी रही. मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन भीड़ का गुस्सा लगातार बढ़ता गया. युवती के परिवार और हिंदू संगठनों का आरोप था कि पुलिस आरोपी शोएब को बचाने की कोशिश कर रही है. इसीलिए लोग पुलिस के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाने लगे.

8 दिन पहले हरियाणा में दर्ज कराया गया था मुकदमा

महिला के भाई अभिषेक ने बताया कि करीब एक हफ्ते पहले उसकी बहन को हरियाणा से अगवा किया गया था. वहां इसकी रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी. परिवार का दावा है कि शोएब पिछले कई दिनों से युवती को छिपाकर रखे हुए है. गुरुवार को युवती और शोएब की लोकेशन बरेली के मिनी बाईपास स्थित एक जिम में मिली थी. परिजन जैसे ही जिम पर पहुंचे, वहां मारपीट की स्थिति बन गई. युवती के भाई अभिषेक का आरोप है कि शोएब और उसके साथियों ने उसके साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. इस दौरान उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ भी की गई.

बुलानी पड़ी पुलिस फोर्स, इलाका छावनी में बदला

जाम खुलवाने और भीड़ को हटाने के लिए इज्जतनगर पुलिस ने जब कार्रवाई की तो माहौल और गरम हो गया. भीड़ पुलिस से भिड़ने लगी और नारेबाजी लगातार तेज होती गई. हालात बिगड़ते देख आसपास के कई थानों से पुलिस बल को बुलाया गया. कुछ ही देर में मिनी बाईपास और कर्मचारीनगर क्षेत्र पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील हो गया.

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन आरोपी शोएब को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े थे. हिंदू संगठन के लोग भी गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. उनका आरोप है कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई करती तो इतना बड़ा विवाद खड़ा ही नहीं होता.

युवती भी जिम की ट्रेनर, शादीशुदा और एक बच्चा

परिवार के मुताबिक, जिस युवती को लेकर विवाद खड़ा हुआ है, वह खुद भी जिम में ट्रेनर है. उसकी करीब छह साल पहले शादी हो चुकी है और उसका एक बेटा भी है. परिवार का कहना है कि शोएब पिछले कुछ महीनों से युवती को बहला-फुसलाकर गलत तरीके से अपने साथ रखने की कोशिश कर रहा है. इसी बीच यह भी सामने आया कि शोएब भी उसी जिम में ट्रेनर है, जहां से दोनों की लोकेशन मिली थी. परिजनों का आरोप है कि शोएब लंबे समय से युवती को दबाव में रख रहा था और उसी ने हरियाणा से उसे भगाया था.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और भीड़ को हटाकर ट्रैफिक चालू करा दिया गया है. कई टीमें युवती और शोएब दोनों की तलाश में लगी हुई हैं. पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है. अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया है कि युवती की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button