‘जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराया, पति देता था गालियां’, मिस इंडिया अर्थ 2019 विनर सायली का छलका दर्द

मिस इंडिया अर्थ 2019 विनर सायली सुर्वे पर्सनल लाइफ को लेकर खबरों में हैं. उन्होंने अपने पति से रास्ते अलग कर लिए हैं. सायली ने मुस्लिम बिजनेसमैन संग शादी की थी. अब सायली ने पति पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. सायली ने बताया कि उनका जबरदस्ती धर्म परिवर्तन भी करवाया गया था. हालांकि, अब पति से अलग होने के बाद उन्होंने वापस हिंदू धर्म अपना लिया है.
मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, सायली ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर 2019 में बिजनेसमैन Aatif Tase संग शादी की थी. निकाह से पहले उन्होंने धर्म परिवर्तन किया था. उनका नाम भी बदलकर Ateja हो गया था. लेकिन इस शादी में मुश्किलें आईं. उन्होंने मेंटल और फिजिकल हैरेसमेंट झेला.
सायली सुर्वे ने झेली प्रताड़ना
मीडिया से बात करते हुए सायली ने कहा, ‘आतिफ से शादी करना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी गलती थी. मैंने इतने साल सिर्फ बच्चों की खातिर निकाले.’ स्टेटमेंट के मुताबिक, उन्होंने कई बार पुलिस में शिकायत की लेकिन उनका दावा है कि उन्हें वो मदद नहीं मिली जो उन्हें चाहिए थी. फिर आखिर में सायली ने इस शादी से बाहर निकलने का फैसला किया.
आगे उन्होंने कहा, ‘अगर कोई महिला ये बर्दाश्त कर रही है, तो प्लीज मत करिए. भगवान ने आपको जिंदगी ऐसे रावण के सामने खोने के लिए नहीं दी है. साहस मत खोइए. मैं वहां 10 साल थी क्योंकि मेरे 4 बच्चे थे. जब मैं अपने बच्चों की तरफ देखती थी, तो एक मां कभी नहीं सोचती कि मेरा घर टूट जाए या मेरे बच्चों को अपने पेरेंट्स का साथ न मिले. मैं ये सब सोचते हुए कई साल बिता दिए. लेकिन इंसान होने के नाते मेरे धैर्य ने जवाब दे दिया. मुझे अपने बच्चों के लिए वहां से निकलना पड़ा.’ सायली ने कहा कि उन्हें 24 घंटे गालियां सुनने को मिलती थी. साथ ही उनके साथ मारपीट होती थी.
बता दें कि सायली सुर्वे मुंबई से हैं और पुणे में पली-बढ़ी हैं. सायली ने मॉडलिंग के जरिए अपना करियर बनाया. मिस इंडिया अर्थ 2019 का टाइटल जीतने के बाद उन्हें अटेंशन मिली.



