ग्रेटर नोएडा: भट्ठा मालिक की कार ने 3 साल की बच्ची को कुचला, दोनों पैर टूटे; पिता बोला- मोबाइल देखते हुए चला रहा था


ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के डेरी गुजरान गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां मोबाइल फोन देखते हुए कार चला रहे एक ईंट-भट्ठा मालिक की लापरवाही के कारण तीन साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. कार बच्ची के ऊपर चढ़ गई, जिससे उसके दोनों पैर की हड्डियां टूट गईं. घायल बच्ची को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा. घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई और ईंट-भट्ठा मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
ईंट-भट्ठे के पास खेल रही थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, डेरी गुजरान गांव के पास स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाले पंकज कुमार का परिवार पिछले कई वर्षों से वहीं रहकर काम कर रहा है. पंकज कुमार मूलरूप से अलीगढ़ जिले का रहने वाला है और अपने परिवार के साथ भट्ठे पर मजदूरी कर जीवन-यापन कर रहा है. परिवार में उसकी पत्नी, 6 साल का बेटा और 3 साल की बेटी सारिका है. बताया जा रहा कि सारिका भट्ठे के पास खेल रही थी, तभी वहां से गुजर रहे भट्ठा मालिक की कार अचानक सारिका के ऊपर चढ़ गई.
पीड़ित पिता का कहना है कि हादसे के वक्त भट्ठा मालिक कार चलते हुए मोबाइल फोन देखने में व्यस्त था, जिसकी वजह से उसका ध्यान सड़क पर नहीं रहा और कार सीधी बच्ची के ऊपर चढ़ गई. हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बच्ची को उठाकर अस्पताल पहुंचाया.
दोनों पैर की हड्डियां टूटी
परिजनों के मुताबिक, इस हादसे में मासूम बच्ची के दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं. शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोट आईं हैं. फिलहाल बच्ची का इलाज ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में चल रहा, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज कराना भी उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया है.
पीड़ित पिता पंकज कुमार का आरोप है कि ईंट-भट्ठा मालिक ने बच्ची के इलाज में कोई खास मदद नहीं की. उसका कहना है कि हादसा भट्ठा मालिक की लापरवाही के कारण हुआ. इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. पीड़ित पिता ने पुलिस से न्याय की मांग करते हुए भट्ठा मालिक के खिलाफ सख्त कानूनी करवाई की मांग की.
कोतवाली प्रभारी ने दी जानकारी
कोतवाली प्रभारी दनकौर मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पिता की तरफ से अभी कोई लिखित में शिकायत नहीं दी गई है. हालांकि परिजन थाने आए थे. पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक मदद दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा. पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है कि आखिर इसमें किसकी लापरवाही है? ईंट-भट्ठा मालिक को थाने पर बुलाया गया है. भट्ठा मालिक से बातकर पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी.
