इंग्लैंड के इस खिलाड़ी ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर की बड़ी भविष्यवाणी, जानिए क्या कहा

इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने राजस्थान रॉयल्स के 14 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. बटलर ने वैभव की बैटिंग की तुलना भारतीय महान बल्लेबाज युवराज सिंह और वेस्टइंडीज के मशहूर ब्रायन लारा से कर दी है. बटलर ने कहा कि उनका बैट स्विंग बिलकुल उन्हीं दिग्गजों की तरह शानदार और क्लासिक है.
राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 14 साल की उम्र में IPL में कदम रखते ही सबको हैरान कर दिया. 19 अप्रैल 2025 को उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र थी सिर्फ 14 साल 23 दिन. वह IPL के इतिहास में डेब्यू करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए है.

जोस बटलर ने जमकर की तारीफ

हाल ही में बटलर ने स्टुअर्ट ब्रॉड के साथ किए गए एक पॉडकास्ट में वैभव की बैटिंग की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा जैसे ही वह क्रीज़ पर आए, पहली ही गेंद पर लॉन्ग-ऑफ के ऊपर शानदार छक्का जड़ दिया. उन्होंने अपनी डेब्यू पारी में 20 गेंदों पर 34 रन बनाए थे. इस विस्फोटक शुरुआत ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी थी.

स्टुअर्ट ब्रॉड ने इस मौके को याद करते हुए बटलर से कहा कि जब मैंने देखा कि राजस्थान रॉयल्स ने इस बार ऑक्शन में 14 साल के खिलाड़ी को अपनी टीम में खरीदा है, तो मैं हैरान हो गया था. यह तो प्रोफेशनल क्रिकेट है और वह मात्र 14 साल का है. उन्होंने जब शतक लगाया तब मुझे याद है कि आप विकेटकीपिंग कर रहे थे और उनके उस शतक की चर्चा पूरी दूनिया में हुई थी तो मुझे उस शतक के बारे में बताइए.

मात्र 35 गेंदों में IPL शतक

28 अप्रैल 2025, गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेलते हुए, वैभव ने IPL में सबसे तेज शतकों में से एक ठोंक दिया. वैभव ने सिर्फ 35 गेंदों में शतक लगाया था, और कुल 38 गेंदों में 101 रन बनाए थे. उनकी इस शानदार पारी में बड़े-बड़े छक्के शामिल थे, और उन्होंने मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और राशिद खान जैसे इंटरनेशनल बॉलर्स को जमकर बाउंड्री के बाहर भेजा.

जोस बटलर ने कहा, “यह लड़का मुझसे 20 साल छोटा है और हमें मैदान में चारों ओर मार रहा है. वो बस छक्के जड़ रहा था और वो भी बड़े-बड़े छक्के. वैभव किसी आम बॉलर पर नहीं, बल्कि दुनिया के बेस्ट टी20 बॉलर राशिद खान को मैदान के चारों ओर शॉट मार रहे थे. वह इतने घातक गेंदबाजों को अपने मन के अनुसार कभी छक्का मार रहे थे कभी इतनी आसानी से उनके खिलाफ रन ले रहे थे. यह देखकर मैं हैरान था.”

बटलर ने आगे कहा, “उसकी बैटिंग में जो फ्लो है, वो एकदम युवराज सिंह और ब्रायन लारा जैसा लगता है. उसकी तकनीक और आत्मविश्वास देखकर मैं स्तभ्ध रह गया था.”

बेहतरीन क्रिकेट की समझ और आत्मविश्वास

चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ एक और मैच में वैभव ने रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन जैसे अनुभवी गेंदबाज़ों के खिलाफ भी सहजता से रन बटोरे थे.एक शॉट पर उन्होंने कवर में गेंद मारी और फिर आत्मविश्वास के साथ नॉन-स्ट्राइकर एंड की ओर चले गए थे. बटलर ने उस पारी को याद करते हुए कहा, “मैं उनका यह मैच और खासकर उनकी बैटिंग टीवी पर ध्यान से देख रहा था और सोच रहा था, यह बच्चा अब तक का सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी है जिसे मैंने देखा है.”